लखीसराय | 25 जून 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लखीसराय में गुरुवार को p-MPSE (Programmatic Mapping and Population Size Estimation) कार्यक्रम के अंतर्गत समुदाय सलाहकार समिति (CAB) की पहली बैठक का आयोजन सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में परिधि भारती के सहयोग से किया गया। बैठक में एचआईवी जागरूकता, रोकथाम तथा उच्च जोखिम समूहों की पहचान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
संचारी रोग सह जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास शर्मा ने कहा कि एचआईवी संक्रमितों की पहचान और रोकथाम के लिए उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, जहां संक्रमण का जोखिम अधिक है। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम समूहों एवं उनके हॉटस्पॉट की जानकारी जुटाकर ग्रामीण स्तर पर स्क्रीनिंग और विशेष शिविरों के माध्यम से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई (DAPCU) ने बताया कि WHO और UNAIDS की अनुशंसा के अनुसार महिला यौनकर्मियों, पुरुषों के साथ यौन संबंध रखने वाले पुरुषों, ट्रांसजेंडर समुदाय, नशीली दवाओं का इंजेक्शन लेने वाले लोगों तथा यौनकर्मियों के ग्राहकों की संख्या का आकलन नीति निर्माण और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि p-MPSE पद्धति के माध्यम से उच्च जोखिम समूहों के हॉटस्पॉट की पहचान और जनसंख्या का अनुमान लगाया जाता है।
परिधि भारती के कार्यपालक निदेशक (मानद) इं. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि NACO द्वारा अपनाई गई p-MPSE पद्धति उच्च जोखिम समुदायों के आकार का अद्यतन आकलन करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच देश के 651 जिलों में इसका पहला चरण सफलतापूर्वक संचालित किया गया था।पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) विश्वजीत कुमार सिंह ने कहा कि उच्च जोखिम व्यवहार वाले व्यक्तियों तक पहुंच बनाने और जागरूकता बढ़ाने के लिए चौकीदारों को भी संवेदनशील बनाया जाएगा।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत कुमार सिंह, लेखा सहायक मनोरंजन कुमार, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक दिनेश कुमार, आईसीटीसी परामर्शी अखिलेश कुमार, एसटीआई क्लिनिक परामर्शी प्रमोद प्रसाद, प्रिजन कोऑर्डिनेटर रविश कुमार, परिधि भारती के कार्यपालक निदेशक (मानद) इं. कौशलेन्द्र कुमार, परियोजना प्रबंधक आभास कुमार तथा परामर्शी मुकेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।







Total views : 92084