बेगूसराय, 17 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में नार्कोटिक्स कोऑर्डिनेशन (NCORD) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई, लंबित मामलों की समीक्षा तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
हाल के मामलों में बड़ी बरामदगी: बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई हालिया कार्रवाइयों की जानकारी दी गई। सिंघौल थाना कांड संख्या 120/26 में पुलिस ने एक हुंडई ग्रैंड आई-10 कार से 115.69 ग्राम स्मैक एवं इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद करते हुए छोटू कुमार और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में दोनों के मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय नेटवर्क से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। इसी प्रकार जीरोमाइल ओपी कांड संख्या 151/26 में पुलिस ने एक शेवरले सेल वाहन से 1,790 बोतल यानी लगभग 179 लीटर कोडिन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। मामले में राहुल रंजन और सतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान पटना और मुंगेर से जुड़े एक संगठित तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
लोहियानगर और गढ़हरा में भी कार्रवाई: लोहियानगर थाना कांड संख्या 75/26 में पुलिस ने लावारिस अवस्था में खड़ी मारुति सुजुकी एवं वर्ना कार की तलाशी के दौरान लगभग 60 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप तथा 4,300 एम्प्यूल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन (पेंटाजोसिन) बरामद किए। मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल कार्रवाई कर रहा है। वहीं गढ़हरा थाना कांड संख्या 58/26 में पुलिस ने स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से जा रहे तस्कर जितेन्द्र कुमार राय उर्फ कारू को गिरफ्तार कर उसके पास से 10.89 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस मादक पदार्थों के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला की गहन जांच कर रही है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क पर रहेगी विशेष नजर: बैठक में बताया गया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए Backward एवं Forward Linkages की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अंतरराज्यीय नेटवर्क की पहचान कर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नशा मुक्ति अभियान को मिलेगा और बल: स्वास्थ्य विभाग द्वारा सदर अस्पताल, बेगूसराय में चार बेड का विशेष नशा मुक्ति वार्ड संचालित किया जा रहा है। साथ ही विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम और शपथ ग्रहण अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
11 दवा दुकानों के लाइसेंस निलंबित: औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिकूल जांच रिपोर्ट के आधार पर गत माह 11 औषधि प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा कांवर झील क्षेत्र एवं रेलवे स्टेशनों के आसपास ड्रोन कैमरों और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
नशा मुक्त समाज के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध: बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “शून्य सहनशीलता” की नीति के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में पुलिस विभाग, मद्य निषेध विभाग, स्वास्थ्य विभाग, औषधि नियंत्रण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






Total views : 90356