युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस ने जताया विरोध
बेगूसराय, 17 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
देश और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा जिले में बढ़ते अपराध के विरोध में बुधवार को बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जिला अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से वीर कुंवर सिंह चौक, पन्हांस तक निकाले गए इस जुलूस में सैकड़ों छात्र-युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के सदस्य तथा आम नागरिक शामिल हुए।
मशाल जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने युवाओं के अधिकार, रोजगार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हाथों में मशाल लिए प्रदर्शनकारियों ने जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप: सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय केवल वादों तक सीमित है।उन्होंने कहा कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक ने छात्रों की मेहनत और सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बीते वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं।
परीक्षार्थियों की समस्याओं को लेकर उठाए सवाल: गरीब दास ने बिहार सरकार की हालिया प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मद्यनिषेध विभाग की परीक्षा में अभ्यर्थियों को गृह जिले में परीक्षा केंद्र उपलब्ध नहीं कराना प्रशासनिक अव्यवस्था का उदाहरण है। उन्होंने हाल में एक परीक्षार्थी की ट्रेन में भीड़ के कारण हुई मौत को दुखद बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग की। साथ ही उन्होंने पाटलिपुत्र स्टेशन पर परीक्षार्थियों के साथ हुई घटनाओं और दर्ज एफआईआर को लेकर भी सरकार की आलोचना की तथा निर्दोष छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
महंगाई और अपराध पर भी जताई चिंता: कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत से आम जनता परेशान है। जिला अध्यक्ष ने बेगूसराय सहित पूरे बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण और गोलीबारी की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान: कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मृत परीक्षार्थी के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा युवाओं को रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, महंगाई पर नियंत्रण और अपराध पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
मशाल जुलूस में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामानंद सिंह, हारून राशिद खान, शगुफ्ता ताजवर, ब्रजेश कुमार प्रिंस, सुरेंद्र साह, राकेश कुमार सिंह, अशोक सिंह, मुर्शिद खान, मंजेश कुमार, अमित आनंद, अवनीश कुमार, मोहम्मद खुदुस, नंदकिशोर, विवेक कुमार, पवन कुमार, आर्यन राज, निशात सिंह, राजा कुमार, फैयाज कुमार, मोहन कुमार, आदित्य कुमार गोलू, सुमन चंद्रवंशी, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।







Total views : 98367