बेगूसराय, 17 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सनहा पूर्वी पंचायत के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक और खुशी भरा रहा। पंचायत को एक साथ दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। पहली, सनहा डीह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन हुआ और दूसरी, उद्घाटन के दिन ही ग्रामीणों एवं प्रवासी परिवारों के लिए बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (बीजीजेएएस) द्वारा समेकित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इससे स्थानीय लोगों में काफी उत्साह और खुशी देखी गई।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं स्वास्थ्य शिविर का संयुक्त उद्घाटन डॉ. प्रियंका राय, जिला पार्षद संतोष कुमार सिंह, मुखिया अशोक कुमार सिंह, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार तथा बीएचएम अनीता कुमारी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव स्तर तक पहुंचाना सरकार और समाज दोनों की प्राथमिकता है तथा इस तरह के आयोजन ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में ब्लड शुगर, एचआईवी, सिफिलिस, ब्लड प्रेशर, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी सहित कई प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही सैकड़ों मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मूसलाधार बारिश के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियों एवं आयोजन टीम ने पूरी निष्ठा के साथ शाम 4 बजे तक लगातार सेवा प्रदान की और कुल 295 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत स्टैटिक कैंप के साथ-साथ आउटरीच गतिविधियां भी चलाई गईं। टीम ने घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की।
भारी बारिश के बावजूद बीजीजेएएस की टीम, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं और आशा कार्यकर्ताओं ने सेवा अभियान जारी रखा तथा 70 अतिरिक्त लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया। कार्यक्रम की सफलता में महिला पर्यवेक्षिका लालिमा कुमारी, सीएचओ पूजा, आशा फैसिलिटेटर रिकू कुमारी, आशा कार्यकर्ता अर्चना, शोभा, रेणु एवं सोनी, आंगनवाड़ी सेविका रंभा और कुमकुम, बीजीजेएएस की परामर्शी अंबिका कुमारी, एम एंड ई प्रभारी रविंद्र रंजन, आउटरीच वर्कर रीता, प्रियंका और कविता सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में उपमुखिया रीता कुमारी ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






Total views : 90356