उलाव ढाला से सिहमा तक पहुंची टीम, चूड़ा, शक्कर, बिस्किट समेत जरूरी सामग्री के पैकेट किए वितरित
बेगूसराय। 7 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार सक्रिय साईं की रसोई ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राहत वितरण अभियान शुरू किया है। सोमवार देर शाम संस्था की टीम ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बांध पर शरण लिए बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।

राहत अभियान के प्रथम चरण में उलाव ढाला से लेकर सिहमा तक बांध पर शरण लिए परिवारों के बीच सूखा भोजन एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री के पैकेट बांटे गए। राहत पैकेट में चूड़ा, शक्कर, बिस्किट, दालमोट, मोमबत्ती और माचिस सहित अन्य जरूरी सामग्री शामिल थी।
मवेशियों के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं परिवार: साई रसोई के पंकज कुमार ने बताया कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को अपने घर छोड़कर बांध और अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। कई परिवार अपने मवेशियों को भी साथ लेकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ऐसे मुश्किल समय में साईं की रसोई की टीम ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।संस्था के खाद्य मंत्री पंकज कुमार ने कहा कि साईं की रसोई हमेशा जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सहभागी रही है। आपदा की इस घड़ी में भी संस्था अपने मानव सेवा के संकल्प के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कोशिश है कि आपदा के दौरान कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न सोए। राहत अभियान को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती और लोगों को सहायता की जरूरत रहेगी, तब तक संस्था की टीम अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास करती रहेगी।
आम लोगों से सहयोग की अपील: साईं की रसोई ने आमजन, शुभचिंतकों और समाजसेवियों से भी इस मानवीय अभियान में आगे आकर सहयोग करने की अपील की है। संस्था का कहना है कि सामूहिक सहयोग से अधिक से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाई जा सकती है। राहत सामग्री वितरण अभियान में संस्था के सदस्य ज्ञान प्रकाश, नितेश रंजन, प्रभाकर प्रताप एवं हरेराम कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। टीम के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। साईं की रसोई की टीम ने बताया कि आने वाले दिनों में भी राहत अभियान जारी रहेगा और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जाएगा।






Total views : 104633