बेगूसराय। 7 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को बेगूसराय जिले के बरौनी स्थित फुलवरिया तारा अड्डा के चंद्रवंशी चौक पर श्रीकृष्ण पूजा समिति तथा श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी, फुलवरिया में आयोजित भव्य मेला एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि धर्म, नीति, कर्म, न्याय और लोककल्याण के महान संदेशवाहक हैं। उनका जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और कर्तव्य के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा देता है।
युवाओं को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत:
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म को सर्वोच्च महत्व दिया है। मनुष्य को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को श्रीकृष्ण के चरित्र, संघर्ष और जीवन-दर्शन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात कर ही सशक्त, संस्कारित और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
रजनीश कुमार ने बताया धार्मिक आयोजनों का महत्व:
डॉ. प्रेम कुमार ने श्रीकृष्ण पूजा समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और मेले में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता को बढ़ावा मिलता है।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह: कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्रीकृष्ण पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मौके पर बरौनी नगर परिषद अध्यक्ष संजीव कुमार एवं बीहट नगर परिषद अध्यक्ष बबिता देवी सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।






Total views : 104672