सुपौल, 21 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, स्वास्थ्य विभाग एवं बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित समेकित स्वास्थ्य शिविरों की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को सदर अस्पताल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार ने की। बैठक में अब तक आयोजित 12 समेकित स्वास्थ्य शिविरों की उपलब्धियों तथा आगामी शिविरों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाना है। इन शिविरों की निगरानी सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा द्वारा लगातार की जा रही है।
12 शिविरों में 3014 लोगों की स्वास्थ्य जांच: समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक आयोजित 12 शिविरों में कुल 3014 लोगों की जांच की गई है। इनमें सिफलिस, एचआईवी (HIV), हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल रही। सभी संदिग्ध मामलों की पुष्टि के लिए आईसीटीसी (ICTC) एवं डीएसआरसी (DSRC) में कन्फर्मेटरी जांच कराई गई। जांच में रिएक्टिव पाए गए लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार से जोड़ा गया। शिविरों में अन्य सामान्य बीमारियों का उपचार करने के साथ-साथ आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया।
संक्रमित लोगों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने पर जोर: बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के निजी जांच केंद्रों एवं अस्पतालों में संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों को भी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में सिविल सर्जन के निर्देशों के अनुपालन पर विशेष बल दिया गया।
हार्ड टू रीच क्षेत्रों में वन-टू-वन टेस्टिंग की रणनीति: बैठक में DIS बंधु नाथ झा ने शिविरों के अनुश्रवण के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया। वहीं, BGJAS के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने हार्ड-टू-रीच क्षेत्रों एवं हॉटस्पॉट इलाकों में वन-टू-वन टेस्टिंग अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
बैठक में आईसीटीसी के लैब तकनीशियन चंदन कुमार, BGJAS के परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, मो. नियाज, गुलशन आरा, किशुनदेव चौपाल, सोहेब अख्तर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 90973