बेगूसराय में सामूहिक योगाभ्यास, नशामुक्ति शपथ और नुक्कड़ नाटक का हुआ आयोजन
बेगूसराय, 21 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, नगर आयुक्त सोमेश माथुर, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी बिट्टू सिंह, कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी, सदर बीडीओ रविशंकर कुमार, डीपीआरओ नेहा कुमारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक संदीप कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।

योग को जीवनशैली बनाने का लिया संकल्प: योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योग क्रियाओं में हिस्सा लिया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक है।

नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत दिलाई गई शपथ: कार्यक्रम के उपरांत जिले में संचालित नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुश्री नेहा कुमारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जागरूक : नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए नशे के सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक दुष्परिणामों को दर्शाते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया।

राज्य आयुष समिति ने निभाई अहम भूमिका: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में राज्य आयुष समिति सह-आयोजक के रूप में शामिल रही। समिति की ओर से प्रतिभागियों के लिए योग मैट, कैप, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। आयुर्वेदिक परंपरा के अनुरूप चना, मूंग और केला भी वितरित किया गया।कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था, जहां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य गणमान्य लोगों ने तस्वीरें खिंचवाईं।

देशी चिकित्सा विभाग की रही सक्रिय भागीदारी: जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने बताया कि आयोजन में डॉ. पूर्णिमा भारती, डॉ. अलका स्तुति, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. सबा परवीन आलम, डॉ. संजय कुमार, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. सी.के. प्रसाद, डॉ. अश्विनी कुमार, राजेश कुमार, चंदन कुमार, रकीब आलम और शमशीर आलम समेत कई अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और नशा मुक्त भारत सप्ताह के अवसर पर आयोजित इस संयुक्त कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, आत्म-अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश देते हुए लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।








Total views : 90904