चकिया थाना कांड संख्या 56/26 में SIT, DIU और STF की संयुक्त कार्रवाई; मुख्य आरोपी उत्तर प्रदेश से दबोचा गया
बेगूसराय। चकिया थाना क्षेत्र में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म मामले में बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांड संख्या 56/26 के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, चकिया थाना क्षेत्र की एक महिला द्वारा 13 जून 2026 को आवेदन देकर बताया गया था कि 11 जून की रात करीब 11:30 बजे उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चकिया थाना में कांड दर्ज कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी नीतिश कुमार, जो घटना के बाद फरार हो गया था, को गठित SIT, जिला आसूचना इकाई (DIU) और STF के संयुक्त प्रयास से उत्तर प्रदेश केफरीदाबाद जिले के भूपानी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे आरोपी अमर निषाद उर्फ अमरजीत कुमार उर्फ मक्का मदीना को चकिया थाना क्षेत्र के दियारा इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में अमर निषाद ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से फरार हुआ था। पूछताछ के दौरान उसने यह भी स्वीकार किया कि इलाके में दबदबा बनाए रखने के लिए वह अवैध हथियार और कारतूस रखता था। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा घटना के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई है। अवैध हथियार बरामदगी के मामले में चकिया थाना में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






Total views : 90995