बेगूसराय। 18 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 की तैयारी शुरू हो गई है। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का निबंधन 18 सितंबर से शुरू होकर 22 सितंबर 2026 तक चलेगा। प्रतियोगिता सितंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। इसकी अंतिम तिथि जिला पदाधिकारी से विमर्श के बाद निर्धारित की जाएगी।
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने 18 सितंबर को खेल भवन-सह-व्यायामशाला में शारीरिक शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों और खिलाड़ियों के निबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
20 खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता:
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताईक्वांडो, भारोत्तोलन, बास्केटबॉल, कराटे, शतरंज, हैंडबॉल, बुशु, रग्बी, क्रिकेट, योग, कुश्ती, सेपक टाकरा, हॉकी और तीरंदाजी शामिल हैं।
जिस खेल विधा में चार से कम टीमों की सहभागिता होगी, उसमें ट्रायल के माध्यम से प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक खेल विधा में कम से कम पांच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य रखी गई है। प्रतियोगिता ट्रायल या नॉकआउट पद्धति से आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में बिहार के मान्यता प्राप्त विद्यालयों और महाविद्यालयों के नियमित छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। बिहार इंटरमीडिएट शिक्षा परिषद से 10+2 के लिए मान्यता प्राप्त संस्थानों के साथ CBSE और ICSE से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के नियमित विद्यार्थी भी पात्र होंगे।
अंडर-14, 17 और 19 के लिए तय है आयु सीमा:
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग होंगे। आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। अंडर-14: 31 दिसंबर 2026 को अधिकतम 14 वर्ष की आयु। अंडर-17: 31 दिसंबर 2026 को अधिकतम 17 वर्ष की आयु। अंडर-19: 31 दिसंबर 2026 को अधिकतम 19 वर्ष की आयु।
इन आयु वर्गों में कक्षा VI एवं उससे ऊपर के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। किसी एकल खेल में एक आयु वर्ग में एक विद्यालय से केवल एक प्रतिभागी हिस्सा ले सकता है। एथलेटिक्स में एक खिलाड़ी अधिकतम तीन स्पर्धाओं में भाग ले सकता है। एथलेटिक्स को छोड़कर कोई खिलाड़ी एक से अधिक खेल विधा में हिस्सा नहीं ले सकेगा।
22 सितंबर तक जमा करने होंगे जरूरी दस्तावेज:
सभी चयनित खिलाड़ियों के निबंधन प्रमाण-पत्र, योग्यता प्रमाण-पत्र, फोटो, पिछले वर्ष का अंक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, विद्यालय की उपस्थिति पंजी की छायाप्रति और सक्षम पदाधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रपत्र में जमा करने होंगे।
दस्तावेज तीन प्रतियों में जमा करने हैं। इनमें एक मूल और दो छायाप्रति होंगी। इन्हें विद्यालय के अग्रसारण प्रमाण-पत्र के साथ 22 सितंबर 2026 तक कार्यालय उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा (जिला खेल कार्यालय), बेगूसराय में जमा करना अनिवार्य है।
खिलाड़ियों के आधार कार्ड का सत्यापन बायोमेट्रिक मशीन से किया जाएगा। गलत जानकारी मिलने पर संबंधित शिक्षक और विद्यालय के प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के आयु प्रमाण-पत्र की भी विस्तृत जांच होगी।
प्रत्येक विद्यालय को प्रतियोगिता के लिए अपना बैनर रखना होगा। विद्यालय दल के साथ खेलवार दल प्रबंधक या क्रीड़ा प्रभारी की मौजूदगी सुनिश्चित करनी होगी। खेल पोशाक, यात्रा व्यय और अल्पाहार की व्यवस्था विद्यालय को अपने क्रीड़ा कोष या अन्य मद से करनी होगी।
खेल विभाग ने जानकारी के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। दीपक कुमार दीप : 7321863986 और विशिष्ट शिक्षक कन्हैया भारद्वाज : 7004733520 पर प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।







Total views : 106654