बेगूसराय। 19 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और जरूरी सामान पहुंचाने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की बेगूसराय शाखा ने राहत सामग्री की दूसरी खेप बलिया प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की।
समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी रिची पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर राहत सामग्री से लदे वाहनों को रवाना किया। इस खेप में करीब 1000 लोगों के लिए राहत पैकेट भेजे गए हैं।
सूखा भोजन के साथ हाइजीन किट भी: राहत सामग्री में सूखा भोजन के पैकेट और हाइजीन किट शामिल हैं। सूखा भोजन पैकेट में चूड़ा, चीनी सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री दी गई है। वहीं, हाइजीन किट में महिला और पुरुषों के दैनिक उपयोग से जुड़ी जरूरी सामग्री शामिल है।
इन राहत पैकेटों को बलिया प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों को तत्काल खाद्य सामग्री के साथ दैनिक जरूरत की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना है।
डीएम ने राहत कार्य की सराहना की: राहत सामग्री रवाना करते हुए डीएम रिची पांडेय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने में जिला प्रशासन कोई कमी नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने आपदा की स्थिति में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी कठिन परिस्थिति में सामाजिक संगठनों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी प्रभावित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग है।
राहत अभियान का नेतृत्व रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. नलिनी रंजन सिंह, संरक्षक दिलीप कुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य कर रहे हैं। उपाध्यक्ष डॉ. नलिनी रंजन सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत अभियान आगे भी जारी रहेगा। जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करता रहेगा।





Total views : 106782