बेगूसराय, 24 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय नगर निगम के नगर आयुक्त के कार्यों के विरोध में नगर निगम के पार्षदों ने 24 जुलाई को नगर निगम परिसर में एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया। पार्षदों ने नगर आयुक्त पर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने और विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद गौरव सिंह राणा, राकेश कुमार, लालचंद कुमार, पार्षद प्रतिनिधि सुनील कुमार का आरोप है कि नगर निगम में विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हैं। योजनाओं की स्वीकृति और क्रियान्वयन में देरी की जा रही है, जनप्रतिनिधियों के सुझावों की अनदेखी हो रही है तथा सफाई, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, जलजमाव और अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से आग्रह करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पार्षदों ने कहा है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद नगर आयुक्त की कार्यशैली में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से धरना देने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने जिला प्रशासन से धरना कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा नगर आयुक्त के रवैये में सुधार के लिए आवश्यक हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने आवेदन की प्रतिलिपि महापौर, उपमहापौर, नगर आयुक्त, सदर विधायक तथा नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना को भी भेजी है।






Total views : 96390