बेगूसराय, 24 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बेगूसराय के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रकवि दिनकर की रचनाओं की संगीतमय प्रस्तुति से हुई। दिनकर की कविताओं को संगीतबद्ध कर आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति को प्रशिक्षक पुष्कर कुमार, रुपेश कुमार, मंजय कुमार एवं राजचंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था।
इसके बाद एसोसिएशन फॉर सोशल एंड हारमोनि, छपरा के कलाकारों ने राष्ट्रकवि दिनकर की प्रसिद्ध कृति ‘कुरुक्षेत्र’ पर आधारित नाट्य मंचन किया। मो. जहांगीर खान के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक में प्रभावशाली अभिनय और संगीत का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

नाट्य मंचन के बाद आयोजित काव्य सत्र में देश के ख्यातिप्राप्त कवियों विनीत चौहान, प्रताप फौजदार, नीलोत्पल मृणाल एवं डॉ. तिषया श्री सहित अशांत भोला, दीनानाथ सुमित्र, डॉ. सच्चिदानंद पाठक, डॉ. रमा मौसम, डॉ. रंजू ज्योति एवं स्वाति गोदर ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से समारोह को साहित्यिक गरिमा प्रदान की। उपस्थित दर्शकों ने कवियों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने राष्ट्रकवि दिनकर की कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ की प्रसिद्ध पंक्तियों का भावपूर्ण पाठ किया। उनके द्वारा दिनकर की ओजपूर्ण रचनाओं के पाठ से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और भावनात्मक वातावरण बन गया।

कार्यक्रम में उप महापौर अनीता राय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, वरीय उप समाहर्ता सुश्री पूजा कुमारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में जिले के कलाकारों, साहित्यकारों और बड़ी संख्या में दर्शकों ने सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने अतिथियों, कलाकारों, साहित्यकारों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।






Total views : 107797