बेगूसराय। 24 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
गुरु संत रविदास विकास शिविर के तहत गुरुवार को बेगूसराय जिले के विभिन्न प्रखंडों के 25 महादलित टोलों में शिविर लगाए गए। इन शिविरों का उद्देश्य वंचित एवं कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं और जनहितकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ जल्द दिलाना रहा। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित आवेदन दिए।
1642 आवेदन मिले, 1012 का मौके पर निष्पादन: शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 1642 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1012 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष 630 आवेदन आवश्यक कार्रवाई और निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए हैं।
शिविरों में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार और पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पात्र लाभुकों के आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया।
लंबित आवेदनों के जल्द निष्पादन का निर्देश: प्रत्येक शिविर में एक वरीय पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। ये पदाधिकारी शिविर की व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर रहे हैं, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सके। जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को शेष 630 लंबित आवेदनों का नियमानुसार यथाशीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं से वंचित न रहे।






Total views : 107797