बेगूसराय। 3 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विधायक रजनीश कुमार ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मधुरापुर बोल्डर घाट, बरौनी-2 और निपानिया मधुरापुर पंचायत के कई इलाकों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने तटबंध और गंगा के जलस्तर की स्थिति देखी। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी भी ली।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निरीक्षण करने को कहा। जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के भी निर्देश दिए।
मौके पर तेघड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आम लोगों को समय पर आवश्यक सूचना एवं सहायता उपलब्ध कराने को कहा।




Total views : 103832