बेगूसराय। 5 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के एडीआर भवन सभागार में “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में मीडिया की भूमिका” विषय पर मीडिया संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, कानूनी सहायता और जागरूकता को लेकर चर्चा हुई।
सूचना देने वाले की पहचान रखी जाती है गोपनीय: मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि बाल विवाह की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने बताया कि कोई भी नागरिक चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या DLSA हेल्पलाइन 15100 पर बाल विवाह की सूचना दे सकता है।
उन्होंने मीडिया से अपील की कि बाल विवाह से जुड़ी खबरों को सामने लाने के साथ पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से जोड़ने में भी सहयोग करें। DLSA की ओर से जिले में निःशुल्क कानूनी सहायता, काउंसलिंग और जागरूकता शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
बेगूसराय में 765 बाल विवाह रुकवाए गए
संस्थान के CEO कौशल किशोर विकल ने कहा कि भारत से उठी आवाज आज दुनिया का संकल्प बन गई है। उन्होंने बताया कि बेगूसराय में प्रशासन के सहयोग से अब तक 765 बाल विवाह रुकवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि देश में JRC ने 782 जिलों में 5.50 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं। उनके अनुसार, बाल विवाह की दर NFHS-5 के 23.3 प्रतिशत से घटकर NFHS-6 में 20.1 प्रतिशत हो गई है।
गांवों तक पहुंचकर जागरूकता पर जोर: विधि संवाददाता सह वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता गोपाल कुमार सिंह ने कहा कि वैशाली समाज कल्याण संस्थान DLSA के साथ मिलकर बाल विवाह की रोकथाम के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने DLSA की ओर से जिले के सुदूर गांवों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाने की सराहना की।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सगुफ्ता ताजवर, राजमणि रंजन, सरिता सिद्धांत, अधिवक्ता गोपाल कुमार, अशोक कुमार राय, राजेश कुमार सिंह, सिद्धार्थ सुमन, हरे रामदास, पत्रकार पंकज झा, विजय प्रताप, उदय कुमार, इंद्रसेन शर्मा, सौरभ कुमार, संगम मिश्रा, शैलेश कुमार, मुरारी कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





Total views : 104330