बेगूसराय। 1 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की जिला कमिटी की बैठक सोमवार को भाकपा माले कार्यालय कमलेश्वरी भवन में जिलाध्यक्ष मो. इसराफील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में गांव के गरीबों, दलितों, महिलाओं और मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में 30 हजार ग्रामीण गरीबों को खेग्रामस का सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
गरीबों के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का निर्णय: बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि सस्ती शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भूमि और आवास जैसे बुनियादी अधिकारों के लिए व्यापक स्तर पर गरीबों, दलितों और महिलाओं को संगठित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें जनहित के मुद्दों पर विफल रही हैं तथा समाज में सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ रही हिंसा और अपराध की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है। साथ ही राजनीतिक विरोधियों पर हमलों की घटनाओं की भी निंदा की।
मनरेगा, भूमि और रोजगार के सवाल पर उठाई आवाज: खेग्रामस के जिला सचिव चन्द्रदेव वर्मा ने कहा कि गांव के गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि, आवास और रोजगार के नाम पर वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर गरीबों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने मनरेगा, श्रम कानूनों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि संगठन इन सवालों पर व्यापक जनआंदोलन चलाएगा। इसके अलावा महंगाई, अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही गई।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद: बैठक में मांटो पासवान, रामकुमार तांती, गजेंद्र पंडित, संजय ठाकुर, प्रमोद पौद्दार, मुकेश सदा एवं घुरन सदा सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 88869