बेगूसराय, 1 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बच्चों में आत्मरक्षा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आर.सी. अकैडमी परिसर में 5 दिवसीय स्व. छोटी देवी एवं स्व. राम पुनीत झा मेमोरियल फ्री कराटे समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप में कुल 45 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर के मुख्य प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय कराटे कोच गोविंद कुमार (ब्लैक बेल्ट 5th डैन) हैं। उन्होंने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों, शारीरिक फिटनेस तथा अनुशासन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गोविंद कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों के बीच कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा तथा सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कराटे न केवल आत्मरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे शिविर बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर डायनामिक एनजीओ की अध्यक्ष शीला देवी, अचीवर्स एनजीओ के महासचिव गोपाल कुमार झा, फाइन आर्ट प्रशिक्षक मोहित गौतम, बालिका कराटे प्रशिक्षक वैष्णवी झा, गौतम कुमार एवं पवन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








Total views : 88884