बेगूसराय, 31 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समाहरणालय परिसर में नए अत्याधुनिक फायर फोम टेंडर वाहन का लोकार्पण किया गया। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से वाहन को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया। इस अवसर पर सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, रमेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं अग्निशमन कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नए वाहन का निरीक्षण कर उसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।जिला प्रशासन के अनुसार यह अत्याधुनिक फायर फोम टेंडर जिले में अग्निकांड तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों को और मजबूत करेगा।
वाहन के शामिल होने से विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों और ज्वलनशील पदार्थों से संबंधित दुर्घटनाओं में बेहतर अग्निशमन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह विशेष फायर फोम टेंडर पेट्रोलियम उत्पादों, रासायनिक पदार्थों तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से लगने वाली आग पर नियंत्रण के लिए अत्यंत उपयोगी है। वाहन में 2500 लीटर क्षमता का फोम टैंक लगाया गया है। साथ ही रात्रिकालीन अग्निशमन एवं राहत कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इसमें आधुनिक लाइटिंग टावर की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की मांग पर मुख्यालय गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार, पटना द्वारा यह अत्याधुनिक वाहन बेगूसराय जिले को आवंटित किया गया है।अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए फायर फोम टेंडर के संचालन से जिले की अग्निशमन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आम नागरिकों को आपदा की स्थिति में अधिक त्वरित, सुरक्षित एवं बेहतर राहत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।







Total views : 88868