हिंदी के प्रभावी प्रचार-प्रसार और उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन के लिए मिला सम्मान
मुंबई/बरौनी, 15 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी को राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए 66वें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बरौनी रिफाइनरी के लिए गौरव का विषय है और बिहार में राजभाषा हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से 14 और 15 सितंबर 2026 को मुंबई में 66वें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के दूसरे दिन, 15 सितंबर को राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर गृह मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बरौनी के अध्यक्ष एवं कार्यकारी निदेशक तथा रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने बरौनी रिफाइनरी की ओर से यह राष्ट्रीय सम्मान ग्रहण किया। बरौनी रिफाइनरी को यह सम्मान राजभाषा हिंदी के समर्थन, प्रचार-प्रसार तथा उसके उत्कृष्ट कार्यान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में देशभर के विभिन्न मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल नराकास, बरौनी और उसके सदस्य कार्यालयों के लिए उपलब्धि है, बल्कि पूरे बिहार राज्य के लिए भी गर्व का विषय है। यह सम्मान सदस्य कार्यालयों के सामूहिक प्रयासों, समर्पण और राजभाषा हिंदी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इससे क्षेत्र में हिंदी के प्रयोग को नई ऊर्जा मिलने के साथ-साथ राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए अन्य संस्थानों को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह सम्मान राजभाषा हिंदी को प्रोत्साहित करने और उसके व्यापक उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधार सिद्ध होगा।






Total views : 106238