बेगूसराय, 06 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रविवार को बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 03, 04 एवं 18 तथा मटिहानी प्रखंड के खोरमपुर पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं सहायता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री राम कृपाल यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा प्रभावित परिवारों की जरूरतों के अनुरूप संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
डीएम रिची पांडेय ने नाव से लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा: वहीं, जिला पदाधिकारी बेगूसराय रिची पांडेय ने बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। डीएम ने नाव के माध्यम से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और बाढ़ में फंसे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा को आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंचायत के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर एवं स्थानीय परिस्थितियों का भी जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी के निर्देश: जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जाए। प्रभावित परिवारों को भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, आवागमन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं हरसंभव उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है। स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं और प्रभावित परिवारों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।







Total views : 104726