बेगूसराय, 31 जुलाई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के तत्वावधान में आगामी 2 अगस्त 2026 (रविवार) को जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय से मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के अभिषेक करेंगे। आयोजन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. कन्हैया कुमार, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गरीब दास सहित कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बेगूसराय कोऑपरेटिव कॉलेज में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएसयूआई के सचिव पवन कुमार और जिला उपाध्यक्ष बालकृष्ण आजाद ने बताया कि मैराथन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों में आयोजन को लेकर उत्साह है और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा रहा है।
एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष मुरारी आदित्य एवं विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष प्रह्लाद कुमार ने कहा कि यह मैराथन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि छात्रों में एकता, स्वास्थ्य जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देने वाला आयोजन है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में कोऑपरेटिव कॉलेज के वरिष्ठ छात्र नेता राहुल देव, जी.डी. कॉलेज अध्यक्ष रविश कुमार और कोऑपरेटिव कॉलेज अध्यक्ष अंकित कुमार ने कहा कि इस आयोजन से बेगूसराय के छात्रों में सकारात्मक संदेश जाएगा और एनएसयूआई छात्र हितों के लिए अपनी सक्रिय भूमिका को और मजबूत करेगा।बैठक में जिला महासचिव प्रिंस कुमार, अंकित कुमार, मुरारी कुमार, लचक कुमार, नीतीश कुमार, मुकेश कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








Total views : 97444