बेगूसराय। 3 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार में गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बीच बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। राज्य के 8 जिलों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें बेगूसराय भी शामिल है। आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पटना के गांधी घाट और मोकामा के हाथीदह में गंगा का जलस्तर उच्चतम बाढ़ स्तर को पार कर सकता है। हाथीदह में 4 सितंबर की दोपहर तक ऐसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। इसका असर गंगा के किनारे बसे बेगूसराय के निचले इलाकों पर भी पड़ सकता है।
बेगूसराय में कई इलाकों पर नजर: बेगूसराय में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही संभावित बाढ़-2026 को लेकर तैयारी कर रहा है। तेघड़ा प्रखंड के रातगांव पंचायत के वार्ड संख्या 13 और 14 में बाढ़ का पानी फैलने की रिपोर्ट सामने आई है। स्थानीय स्तर पर आवागमन के लिए नाव का सहारा लिया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है। जिले में प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित संभावित क्षेत्रों में नाव, राहत शिविर और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। इससे पहले जिला पदाधिकारी ने भी बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए साम्हो प्रखंड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था।
बिहार के इन 8 जिलों में अलर्ट: बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बेगूसराय, पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, नालंदा, लखीसराय और जहानाबाद में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील: प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। बाढ़ की स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा जरूरी सामान पहले से सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल बेगूसराय में स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर है। गंगा के जलस्तर में होने वाला अगला बदलाव जिले के निचले और नदी किनारे के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।




Total views : 103756