बेगूसराय, 21 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार को बेगूसराय जिले के 6 प्रखंडों की 11 ग्राम पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान करना है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 10 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाना है। शिविरों की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर तथा अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार सहित वरीय अधिकारियों ने की और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन के अनुसार, 11 पंचायतों से अब तक 854 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 669 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 185 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। वहीं नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में 2,337 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 2,008 मामलों का निस्तारण हो चुका है।शिविरों में राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति, आय, आवासीय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज, लगान रसीद सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि जिला स्तर पर असंतुष्ट आवेदकों की सुनवाई प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में की जाएगी।






Total views : 96079