शिव प्रकाश गरीब दास के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
बेगूसराय, 28 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर बेगूसराय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को आक्रोश मार्च निकाला।
बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जिला परिषद मार्केट से आक्रोश मार्च निकाला। जो हड़ताली चौक होते हुए समाहरणालय गेट तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची में पारदर्शिता तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
जिला प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन: प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में SIR की स्वतंत्र न्यायिक जांच, SIR के दौरान हटाए गए मतदाताओं के नामों का पुनः सत्यापन, मतदाता सूची एवं वोटर डेटाबेस की स्वतंत्र जांच तथा निर्वाचन आयोग की IT व्यवस्था के तकनीकी ऑडिट की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया, Form-6 से संबंधित मामलों तथा निर्वाचन संबंधी IT व्यवस्था की भी स्वतंत्र जांच की मांग रखी।
निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल: जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कुछ मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग के निर्णयों और प्रक्रियाओं को लेकर उठाए गए कथित सवालों की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित किसी प्रकार की अनियमितता या कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संबोधन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए सत्ता पक्ष और निर्वाचन आयोग के बीच मिलीभगत हुई है। उन्होंने बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों को रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग भी रखी। ये आरोप कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए हैं।
शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि वोट किसी राजनीतिक दल या नेता की जागीर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटता है तो उसके मताधिकार पर सीधा असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान राजनीतिक बयानबाजी के बजाय स्वतंत्र जांच, दस्तावेजों और पारदर्शिता के माध्यम से होना चाहिए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद: प्रदर्शन में विधान पार्षद राजीव कुमार, संगठन महासचिव हारून रशीद खान, रामविलास सिंह, रामानंद सिंह, नारायण सिंह, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, सुबोध सिंह, ओबीसी कांग्रेस जिला अध्यक्ष राम स्वार्थ साह, अधिवक्ता आलोक कुमार, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, प्रखंड अध्यक्ष राकेश सिंह, राजेश सिंह, रामबाबू तांती, अताउर रहमान, राजेश कुमार, निशा शर्मा, संजीव कुमार, अशोक कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष ब्रजेश कुमार प्रिंस, इन्द्रदेव राय, मो. युनीश, बालेश्वर महतो, राहुल कुमार, रामाशीष सहनी, रामपुकार महतो, मो. आजाद, श्यामनंदन महतो, आमोद सिंह, नाज हसन, विनोद महतो, डॉ. रामसागर सिंह, अधिवक्ता राजदेव पासवान, बद्री सिंह, श्रीराम सिंह, सतीश कुमार वीरू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 108787