अब तक जिले में 70 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
12 नवंबर 2026 | बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। आगामी पर्व को देखते हुए बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न बाजारों, फल मंडियों, सब्जी मंडियों एवं खाद्य सामग्री की दुकानों में लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य निरीक्षक संजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में बरौनी प्रखंड की फल मंडी एवं नागदह सब्जी मंडी में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 10 दुकानों का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न दुकानों से कुल 6 खाद्य पदार्थों के सैंपल संग्रहित किए गए। जांच के लिए लिए गए नमूनों में पके एवं कच्चे केले, सेब, पपीता, संतरा और गोभी शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब तक 70 खाद्य पदार्थों के सैंपल भेजे गए प्रयोगशाला: खाद्य निरीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 70 खाद्य पदार्थों के सैंपल संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पर्व को देखते हुए बाजारों में खाद्य सामग्री की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है।
मिलावट पर नहीं होगी लापरवाही बर्दाश्त: खाद्य निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच एवं छापेमारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावटी खाद्य पदार्थों से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।






Total views : 116354