जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
बेगूसराय, 28 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में 30 सितंबर से विद्यालय स्तर के खिलाड़ियों के लिए खेल का महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता का आयोजन जिले के विभिन्न खेल स्थलों पर किया जाएगा। इनमें बी.पी. +2 विद्यालय बेगूसराय, गांधी स्टेडियम, श्रीकृष्ण सिंह इंडोर स्टेडियम, खेल भवन-सह-व्यायामशाला बेगूसराय तथा कल्याण केंद्र, बरौनी रिफाइनरी प्रमुख हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रतिदिन सुबह 9 बजे से होगा।
शारीरिक शिक्षकों के साथ आयोजित बैठक में जानकारी देते हुए उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय बिट्टू कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा।
इन खेलों में होगी प्रतियोगिता: प्रतियोगिता के दौरान हॉकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, बुशु, कराटे, कुश्ती, बॉक्सिंग, भारोत्तोलन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, फुटबॉल, रग्बी, क्रिकेट, हैंडबॉल, एथलेटिक्स, सेपक टाकरा और योगा सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
30 सितंबर को हॉकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, बुशु, कराटे, कुश्ती, बॉक्सिंग और भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
1 अक्टूबर को कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, फुटबॉल और रग्बी की प्रतियोगिताएं होंगी।
2 अक्टूबर को कबड्डी, क्रिकेट, हैंडबॉल, एथलेटिक्स, सेपक टाकरा और योगा का आयोजन होगा।
3 अक्टूबर को एथलेटिक्स, खो-खो और अंडर-17 क्रिकेट की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 4 अक्टूबर को अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
विद्यालयों और खिलाड़ियों के लिए जरूरी नियम:
प्रतियोगिता में बिहार राज्य अंतर्गत मान्यता प्राप्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के नियमित छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। CBSE तथा सरकार से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
एथलेटिक्स में एक प्रतिभागी अधिकतम तीन विधाओं में भाग ले सकता है। वहीं, एथलेटिक्स को छोड़कर कोई खिलाड़ी एक से अधिक खेल विधा में भाग नहीं ले सकेगा। प्रत्येक खेल विधा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कम से कम पांच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य होगी।
प्रत्येक विद्यालय को अपने दल के साथ दल प्रबंधक या क्रीड़ा प्रभारी भेजना होगा। विद्यालय के लिए प्रतियोगिता स्थल पर अपना बैनर रखना भी आवश्यक बताया गया है। खिलाड़ियों के खेल, पोशाक, यात्रा, अल्पाहार आदि की व्यवस्था विद्यालय अपने क्रीड़ा कोष अथवा अन्य मद से करेगा।
प्रतियोगिताएं नॉकआउट पद्धति से आयोजित की जाएंगी। सभी खिलाड़ी अपने विद्यालय की क्रीड़ा पोशाक या खेल किट में प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
विद्यालय प्रधान द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र तथा संबंधित शिक्षक के साथ ही खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति होगी। इसके अलावा खिलाड़ियों को अपने साथ मूल आधार कार्ड अथवा विद्यालय परिचय पत्र रखना अनिवार्य होगा।
3000 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल: आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में पूरे जिले से 3000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ की नजर इस जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता पर रहेगी और प्रतियोगिता से जुड़ी प्रमुख खबरों तथा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाया जाएगा।





Total views : 108802