बेगूसराय, 28 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
शहरी गैस वितरण नीति, 2026 के तहत बेगूसराय जिले में PNG गैस कनेक्शन और गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय में हुई बैठक में थिंक गैस (Think Gas) और जिला स्तरीय गैस निगरानी एवं समन्वय समिति (CGDMCC) के प्रतिनिधियों ने कार्यों की जानकारी दी।
अब तक 6,177 PNG कनेक्शन हुए: समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 6,177 PNG गैस कनेक्शन लाइव किए जा सके हैं। निर्धारित लक्ष्य की तुलना में प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए थिंक गैस के प्रतिनिधियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने और गैस कनेक्शन देने के लिए पर्याप्त संख्या में ठेकेदारों एवं प्रशिक्षित मजदूरों को लगाया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मजदूरों की उपलब्धता में किसी तरह की समस्या होने पर जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग करेगा।
पांच इलाके LPG फ्री जोन घोषित: बैठक में बताया गया कि सितंबर 2026 तक जिले के पांच क्षेत्रों को LPG फ्री जोन घोषित किया गया है। इनमें ऑयल इंडिया लिमिटेड एरिया, ललिता सागर नागदह, आदर्श नगर उलाव, न्यू कॉलोनी उलाव और निराला नगर रतनपुर शामिल हैं।
अक्टूबर 2026 में ललित नगर रतनपुर, थाना एरिया रतनपुर, अर्चना विहार वार्ड संख्या-29 बाघा और वार्ड संख्या-24 संतनगर ईस्ट बाघा सहित अन्य क्षेत्रों को LPG मुक्त क्षेत्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
एक क्षेत्र पूरा होने के बाद दूसरे में शुरू हो सड़क कटाई:
पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क कटाई के कार्य को लेकर भी जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। वर्तमान में थिंक गैस के पांच ठेकेदारों के कार्यरत होने की जानकारी पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह पांच क्षेत्रों को चिन्हित कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए काम शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक क्षेत्र में सड़क कटाई और पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा करने के बाद ही दूसरे क्षेत्र में सड़क की खुदाई शुरू की जाए। इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा और सड़कों को भी जल्द सामान्य स्थिति में लाया जा सकेगा।
स्कूल और अस्पतालों को दी जाए प्राथमिकता: डीएम ने सरकारी विद्यालयों, जीविका केंद्रों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थानों में PNG पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि इन संस्थानों तक गैस नेटवर्क पहुंचने से अधिक लोगों को स्वच्छ और सुविधाजनक गैस आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
डीएम ने संबंधित एजेंसी को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप PNG नेटवर्क के विस्तार और कनेक्शन उपलब्ध कराने के कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पूजा प्रीतम सहित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






Total views : 108787