बेगूसराय, 20 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
संभावित बाढ़-2026 के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में तटबंधों की सुरक्षा, नदियों के जलस्तर, नावों की उपलब्धता, राहत शिविर, सामुदायिक रसोई, स्वास्थ्य, पशुपालन, पेयजल, बिजली और संचार व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी 20 तटबंध सुरक्षित हैं तथा 11 अतिसंवेदनशील स्थलों पर कटाव निरोधक कार्य पूरा हो चुका है। गंगा, बूढ़ी गंडक और बलान नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। साथ ही सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों और पशुपालन विभाग में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) का 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय है। आपात स्थिति में 06243-250626 या 9279808780 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपस्थित: बैठक में सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय नोडल पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण, स्वास्थ्य, पशुपालन, पुलिस, विद्युत, पेयजल, ग्रामीण विकास, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।







Total views : 95962