10 दिवसीय बाल रंग कार्यशाला में 40-50 बच्चों को मिल रहा कला का प्रशिक्षण
बेगूसराय। 08 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज।
बेगूसराय के मटिहानी स्थित विजय राघव आदर्श राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बदलपुरा में कला एवं सांस्कृतिक विभाग, नवकिरण आर्ट फाउंडेशन एवं विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘आपकी कला, आपका रंगमंच’ कार्यक्रम के तहत निःशुल्क 10 दिवसीय बाल रंग कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यशाला में करीब 40 से 50 बच्चे रंगमंच, फाइन आर्ट्स, शास्त्रीय एवं लोक संगीत तथा नृत्य का प्रशिक्षण ले रहे हैं।बच्चों को विभिन्न विधाओं की बारीकियां जिला एवं राष्ट्रीय स्तर के विषय विशेषज्ञों द्वारा सिखाई जा रही हैं। नाट्य विधा में डॉ. सनोज शर्मा एवं सचिन कुमार, शास्त्रीय संगीत में सुश्री दामिनी मिश्रा, लोक संगीत में अंगद कुमार, नृत्य में चिंटू स्वेग उर्फ रामाश्रय कुमार तथा पेंटिंग/फाइन आर्ट्स में मनीष कौशिक प्रशिक्षण दे रहे हैं।
इस अवसर पर जिला कला एवं सांस्कृतिक पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने बच्चों को रंगमंच के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने एकाग्रता (कंसंट्रेशन) के महत्व को समझाते हुए विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को इसका अभ्यास कराया।
श्याम कुमार सहनी ने कहा कि विद्यालयी शिक्षा के साथ कला का समावेश बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और शैक्षणिक विकास के लिए जरूरी है। कला बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यशाला के सफल संचालन में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कंचन कुमारी, संस्था के सचिव सह कार्यशाला निर्देशक डॉ. सनोज शर्मा एवं सुजीत कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षक, प्रशिक्षक, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय सहयोगी उपस्थित रहे।







Total views : 98989