बेगूसराय। 08 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रव्यापी पदयात्रा अभियान के दौरान भाकपा जिला मंत्री सह पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने मटिहानी प्रखंड के महेंद्रपुर गांव में गंगा नदी के तेज कटाव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में प्रशासनिक पदाधिकारियों से बात कर तत्काल समाधान का प्रयास किया।
कटाव स्थल का निरीक्षण करते हुए अवधेश कुमार राय ने कहा कि गंगा नदी का कटाव तेजी से बढ़ रहा है और प्रतिदिन कई मीटर खेती की जमीन नदी में समा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कटाव स्थल से महज 60 से 70 मीटर की दूरी पर बांध है। कटाव पर जल्द रोक नहीं लगी तो बांध के प्रभावित होने के साथ महेंद्रपुर गांव के भी खतरे में पड़ने की आशंका है। इसका असर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी पड़ सकता है।
कटाव की गंभीरता को देखते हुए अवधेश कुमार राय ने जिला पदाधिकारी से टेलीफोन पर बात कर तत्काल कटावरोधी कार्रवाई तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अविलंब पहल नहीं की तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन करेगी।
पदयात्रा के दौरान मटिहानी अंचल मंत्री कॉ. रामाधार कुमार, जिला कोषाध्यक्ष कॉ. राज किशोर सिंह, पूर्व मुखिया रविंद्र कुमार, पार्टी जिला परिषद सदस्य गोवर्धन तांती, वर्तमान मुखिया अशोक शाह, महेंद्र यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।







Total views : 98989