शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की मनायी गई 138वीं जयंती, कई शिक्षकों को किया गया सम्मानित
बेगूसराय। 5 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
शिक्षक, बच्चों को सफल नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। शहीद सुखदेव सिंह समन्वय समिति, सुखदेव सभागार, सर्वोदय नगर, बेगूसराय में शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही शिक्षकों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संपूर्ण क्रांति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह ने की। मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के जीवन को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कुम्हार मिट्टी को आकार देकर मूर्ति बनाता है, उसी तरह शिक्षक, बच्चों को शिक्षा और संस्कार देकर सफल नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को किया याद: अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 1888 में हुआ था। वे भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति रहे। उनके जन्मदिन को देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष माध्यमिक शिक्षक संघ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ाने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के विचारों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और उपलब्धियों पर चर्चा: जेपी सेनानी जिला अध्यक्ष राजेंद्र महतो ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन ने धर्म, संस्कृति और विज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर कई पुस्तकें लिखीं। वर्ष 1954 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सम्मानित हुए कई गणमान्य : कार्यक्रम के दौरान अरुण कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह, रवि पोद्दार गांधी, सुशील राय और राजेंद्र महतो सहित अन्य गणमान्य को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला सेल की सचिव सुनीता देवी, देवधांत समिति के जिला अध्यक्ष राज कुमार, रवि पोद्दार गांधी, राजेंद्र यादव, अनन्या कुमारी, तेजस कुमार सहित अन्य लोगों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




Total views : 104299