बेगूसराय में RSS के 15 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य समापन
बेगूसराय। 14 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) उत्तर बिहार के 15 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन समारोह गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण वर्ग मोहनपुर स्थित वर्ल्ड व्यू अकादमी में संचालित हो रहा था, जिसमें पूरे प्रांत से आए स्वयंसेवकों ने भाग लिया। समापन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहसरकार्यवाह आलोक कुमार एवं प्रगतिशील किसान तथा कृषि नवाचारक सुधांशु कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया।

संघ प्रार्थना और ध्वज वंदन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ: कार्यक्रम का शुभारंभ संघ प्रार्थना एवं ध्वज वंदन के साथ हुआ। 15 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना था।

राष्ट्र निर्माण का आधार है कृषि : सुधांशु कुमार। प्रगतिशील किसान एवं कृषि नवाचारक सुधांशु कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि यदि युवा खेती को व्यवसाय और सेवा भाव के साथ अपनाएं तो गांव समृद्ध होंगे और देश आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने जैविक खेती, जल संरक्षण और स्थानीय बीजों के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि स्वयंसेवक गांव-गांव जाकर किसानों को नई तकनीक और बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र जागरण का कार्य संघ ने प्रभावी ढंग से किया है और समाज संघ को राष्ट्रहित में कार्य करने वाले संगठन के रूप में देखता है।
व्यक्ति निर्माण का यज्ञ है संघ का प्रशिक्षण वर्ग : आलोक कुमार : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहसरकार्यवाह आलोक कुमार ने कहा कि संघ का प्रशिक्षण वर्ग व्यक्ति निर्माण का यज्ञ है। यहां स्वयंसेवक अनुशासन, समर्पण और समाज के प्रति दायित्वबोध सीखते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश के सामने जो चुनौतियां होंगी, उनका समाधान प्रशिक्षित स्वयंसेवक ही प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने दैनिक जीवन में संघ के संस्कारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया। आलोक कुमार ने कहा कि भारत आज कृषि, विज्ञान, तकनीक और रक्षा क्षेत्र सहित अनेक क्षेत्रों में निर्यातक राष्ट्र की भूमिका निभा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियान भारत की शक्ति और मानव हितकारी दृष्टिकोण के परिचायक हैं।
प्रशिक्षण की रूपरेखा और धन्यवाद ज्ञापन: समारोह के दौरान वर्गाधिकारी ने प्रशिक्षण वर्ग की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। सह विभाग कार्यवाह राजेश कुमार राजू ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच पर जिला संघ चालक मनोरंजन कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक घोष एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ। समापन समारोह में संघ के प्रांत प्रचारक रविशंकर, सह प्रांत प्रचारक प्रवीर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा बिहार के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता, जिले के विभिन्न विधायक, विद्यार्थी परिषद, किसान मोर्चा, युवा मोर्चा एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्वयंसेवकों के परिजन और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।







Total views : 90149