आत्मरक्षा के लिए थानटा तकनीक का कराया गया अभ्यास
बेगूसराय। 15 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
4 गर्ल्स बिहार बटालियन द्वारा बरौनी स्थित OTC में आयोजित CATC-6 कैंप के छठे दिन कैडेट्स को आत्मरक्षा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को थानटा (Thanta) की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया गया, जिससे वे आपात परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। प्रशिक्षकों ने आत्मरक्षा के लिए आवश्यक सामान्य जानकारियों और व्यवहारिक तकनीकों का प्रदर्शन भी किया।

कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रंजन कुमार चौधरी ने दिया CPR प्रशिक्षण: कैंप के विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रंजन कुमार चौधरी ने कैडेट्स को सीपीआर (CPR) देने का डेमो प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि सही समय पर CPR देकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। कैडेट्स को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण समाज और राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मानसिक स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी: कैंप में महिला महाविद्यालय की मनोविज्ञान विभाग की प्रो. डॉ. संगीता कुमारी ने कैडेट्स को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शारीरिक स्वास्थ्य आवश्यक है, उसी प्रकार मानसिक स्वास्थ्य भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
350 से अधिक कैडेट्स ने लिया प्रशिक्षण: कैंप कमांडर कर्नल वी. रविशंकर ने अतिथियों और विशेषज्ञों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार किया जाता है। कैंप में लगभग 350 कैडेट्स ने भाग लिया। इस अवसर पर एएनओ लेफ्टिनेंट अर्चना कुमारी, लेफ्टिनेंट करिश्मा कुमारी, ऑफिसर गीतांजलि, वीसीआई दीक्षा, पूना, स्तुति, एसएम जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार तथा अन्य सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे।







Total views : 90149