बेगूसराय। 18 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में भव्य जगन्नाथ रथयात्रा के बाद अब श्री राधाकुंज बिहारी मठ (हरे कृष्ण सेंटर) की ओर से विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। 4 अक्टूबर, रविवार को शाम 4 बजे रतनपुर स्थित महंत सियाराम दास सरोवर में भव्य नौका विहार का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर शुक्रवार को मीडिया बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता कर तैयारियों और विशेष आकर्षणों की जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता में पूर्व मेयर संजय सिंह की मौजूदगी रही। आयोजन भक्ति प्रमोद भागवत स्वामी महाराज, ईश्वर नाम दास प्रभु जी एवं रक्षक गिरिधारी प्रभु जी के तत्त्वावधान और मार्गदर्शन में होगा।
दो टन से अधिक फूलों से सजेगा सरोवर: नौका विहार का प्रमुख आकर्षण महंत सियाराम दास सरोवर की भव्य पुष्प सजावट होगी। आयोजकों के अनुसार, सरोवर को दो टन से अधिक प्राकृतिक फूलों से सजाया जाएगा। इसमें कई अलग-अलग किस्म के फूलों का इस्तेमाल होगा।
पुष्प सजावट के लिए वृंदावन, मायापुर और कोलकाता से अनुभवी कलाकार और विशेषज्ञ डेकोरेशन टीम बेगूसराय पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष पहली बार आयोजित नौका विहार को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। इस वर्ष इसका आयोजन दूसरी बार और पहले से अधिक भव्य स्वरूप में किया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि इस बार सरोवर के विशाल जल क्षेत्र को फूलों से सजाकर आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसे बिहार के बड़े पुष्प-सज्जित नौका विहार आयोजनों में शामिल करने की तैयारी है।
हरिनाम संकीर्तन और भक्ति संगीत से सजेगा आयोजन: नौका विहार के दौरान हरिनाम संकीर्तन, भक्ति संगीत और भव्य प्रकाश व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रहेगी। फूलों की विशेष सजावट के साथ सरोवर परिसर में भक्तिमय वातावरण तैयार किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान की भक्ति, संकीर्तन और सनातन संस्कृति को लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही शहरवासियों और आसपास के श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करना है।
श्री राधाकुंज बिहारी मठ की ओर से बेगूसराय और आसपास के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से 4 अक्टूबर को शाम 4 बजे महंत सियाराम दास सरोवर, रतनपुर पहुंचने की अपील की गई है।
कार्यक्रम: भव्य नौका विहार
दिनांक: 4 अक्टूबर, रविवारसमय: शाम 4 बजे
स्थान: महंत सियाराम दास सरोवर, रतनपुर, बेगूसराय
आयोजक: श्री राधाकुंज बिहारी मठ (हरे कृष्ण सेंटर), बेगूसराय।





Total views : 106615