बेगूसराय। 19 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के राजकीय अयोध्या शिव कुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय में आयुर्वेद दिवस के पूर्व सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य डॉ. मदन मोहन झा ने किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद संपूर्ण चिकित्सा शास्त्र की जननी है। आयुर्वेद की कई शाखाओं से विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों का विकास हुआ है।
डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा लगातार प्रगति कर रही है और इसका भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि शल्य चिकित्सा और संज्ञाहरण विज्ञान के विकास में भी आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसे बाद में दुनिया भर में स्वीकार किया गया।
जड़ी-बूटियों से बनी रेसिपी का लिया स्वाद: कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों पर आधारित विभिन्न रेसिपी बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। डॉ. अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई प्रतियोगिता में छात्रों ने अलग-अलग व्यंजन तैयार किए। डॉ. मदन मोहन झा ने छात्रों द्वारा तैयार रेसिपी का स्वाद भी लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने बताया कि राज्य आयुष समिति और भारतीय चिकित्सा पद्धति से संबंधित केंद्रीय आयोग के निर्देश पर देशभर में आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। बेगूसराय आयुर्वेद महाविद्यालय में भी एक सप्ताह से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें चिकित्सा शिविर, नुक्कड़ नाटक, व्याख्यान और विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
प्राचार्य ने महाविद्यालय में हाल के दिनों में हुई प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में इस वर्ष नए छात्रों के प्रवेश के लिए होने वाली मान्यता से जुड़ी प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण है।
रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक, 60 मरीजों का इलाज: आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम के तहत बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी की। इसके अलावा राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय चकिया में चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में 60 मरीजों की चिकित्सा जांच की गई।
चिकित्सा शिविर में प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी के साथ डॉ. राजीव कुमार शर्मा, दीपक कुमार, श्रुति कुमारी, सुरभि, अमर कुमार और सिकंदर सहित अन्य चिकित्सकों ने सहयोग किया।
पूरे आयोजन में उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार वर्मा, डॉ. गार्गी प्रसाद शुक्ला, डॉ. इंदु कुमारी, डॉ. अखिलेश कुमार जायसवाल, डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, डॉ. शंभू कुमार, डॉ. नंद कुमार साहनी, डॉ. रमन रंजन, डॉ. विजेंद्र कुमार, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. अमलेश कुमार, डॉ. मनीष कुमार आलोक, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुल्ताना परवीन, डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, डॉ. राम नंदन सहनी, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. लाल कौशल कुमार, डॉ. मुन्ना कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. आनंद मिश्रा, डॉ. ओमप्रकाश द्विवेदी, डॉ. किश्वर सुल्ताना, डॉ. राम सागर दास, डॉ. आरती त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, डॉ. माधुरी कुमारी और डॉ. उर्वशी सिन्हा सहित अन्य चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. संतोष कुमार सिंह को पूरे आयोजन का आयोजक सचिव बनाया गया है। उनके नेतृत्व में कार्यक्रमों का संचालन किया गया।






Total views : 106797