बेगूसराय। 19 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत शनिवार को बेगूसराय के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित सामुदायिक स्थलों (CTU) पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों, स्वच्छताकर्मियों और संबंधित कर्मियों ने मिलकर श्रमदान किया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कचरे और जलजमाव वाले स्थानों की हुई सफाई: चिन्हित स्थलों पर सफाई से पहले वहां की स्थिति का जायजा लिया गया। कूड़े-कचरे, गंदगी और जलजमाव वाले स्थानों की सफाई की गई। स्वच्छताकर्मियों और स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर कचरा एकत्र किया। इसके बाद कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग कर उचित निस्तारण के लिए भेजा गया।
अभियान में स्वच्छताकर्मियों ने निर्धारित ड्रेस में हिस्सा लिया। बैनर और जागरूकता सामग्री के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कई स्थानों पर स्वच्छता संदेश, दीवार लेखन और पौधारोपण जैसी गतिविधियां भी की गईं।
Before-During-After से दर्ज हुआ बदलाव: अभियान के दौरान Before–During–After की अवधारणा के तहत सफाई से पहले, सफाई के दौरान और सफाई के बाद की स्थिति दर्ज की गई। इससे सफाई अभियान के बाद स्थलों में आए बदलाव को स्पष्ट रूप से दिखाया जा सकेगा।
जिला प्रशासन ने सभी शहरी एवं ग्रामीण निकायों को चिन्हित स्थलों पर प्रभावी तरीके से स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने लोगों को संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 20 सितंबर को भी जिले के चिन्हित स्थलों पर श्रमदान और विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने आमजनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की है।





Total views : 106794