बेगूसराय। 16 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026’ चलाया जाएगा। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण कोषांग की ओर से अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जन-आंदोलन बनाना है। इसके साथ ही ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर गांवों के निर्माण पर जोर दिया जाएगा।
सार्वजनिक स्थलों से स्कूलों तक चलेगा अभियान: अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक लक्षित स्वच्छता इकाई (CTU) का चयन किया जाएगा। बाजार, मुख्य मार्ग, तालाब, नदी घाट, धार्मिक स्थल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलेगा।
विद्यालयों में ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को कचरे के चार-तरफा स्रोत पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त व्यवहार और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सफाई कर्मियों के लिए ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य जांच के साथ सफाई कर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य बीमा, आयुष्मान कार्ड, आवास और राशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
घर-घर जागरूकता अभियान, स्वच्छता संवाद, रैली, प्रभात फेरी, साइकिल एवं मोटरसाइकिल मार्च और स्वच्छता चौपाल भी आयोजित होंगे। ‘स्वच्छता से समृद्धि’ की अवधारणा के तहत Reduce, Reuse और Recycle यानी RRR गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
कबाड़ से उपयोगी वस्तुएं बनाने, पुराने कपड़े व किताबें दान करने और जैविक कचरे से कंपोस्ट तैयार करने पर भी जोर रहेगा।
17 सितंबर को ट्रैफिक चौक से होगी शुरुआत: अभियान का जिला स्तर पर शुभारंभ 17 सितंबर को सुबह 8 बजे ट्रैफिक चौक के निकट श्रमदान से होगा। इसमें जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक शामिल होंगे। इसके साथ ही जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर रैली, स्वच्छता शपथ और पौधारोपण कार्यक्रम होंगे।
27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। 1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान होगा।
2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर ग्राम सभाएं, स्वच्छता शपथ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान की निगरानी के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति गठित की गई है।
इसमें उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि स्वच्छता कार्यों की ‘Before’ और ‘After’ तस्वीरें निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक गतिविधि में समुदाय की वास्तविक और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।





Total views : 106443