बेगूसराय। 10 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में पंचायत विकास को अब सड़क, नाली और भवन निर्माण के साथ स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से भी जोड़ा जाएगा। ‘विकसित पंचायत, विकसित बेगूसराय’ के लक्ष्य के तहत पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को स्वास्थ्य आधारित विकास पर प्रशिक्षण दिया गया।
जिला पंचायत संसाधन केंद्र, कंकौल में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) और सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इसमें मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायती राज पदाधिकारी और कार्यपालक सहायकों ने भाग लिया।
‘स्वस्थ ग्राम’ बनेगा जीपीडीपी का हिस्सा: पीरामल फाउंडेशन के ज्ञानोदय प्रकाश और दीपक मिश्रा ने पंचायतों की भूमिका पर जानकारी दी। उन्होंने जीपीडीपी में गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, प्रसव पूर्व जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की निगरानी, संस्थागत प्रसव और मां-नवजात की देखभाल को प्राथमिकता देने की बात कही।
प्रशिक्षण में पोषण, एनीमिया, टीबी, स्वच्छता, साफ पानी, मच्छर नियंत्रण और रोगों की रोकथाम जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों से ‘स्वस्थ ग्राम’ थीम के तहत ठोस कार्ययोजना तैयार करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वस्थ ग्राम निर्माण की सामूहिक शपथ ली।






Total views : 105556