बेगूसराय। 10 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में गंगा की बाढ़ से प्रभावित इलाकों का भाकपा माले के नेताओं ने दौरा किया। टीम ने कमरूद्दीनपुर, मटिहानी के रामदीरी, सिहमा और खोरमपुर समेत कई क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों की परेशानियों का जायजा लिया। भाकपा माले ने सरकार और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों को नाकाफी बताते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग की है।
कई प्रखंडों में बाढ़ का असर: माले नेताओं के अनुसार मटिहानी, बलिया, साहेबपुरकमाल, साम्हो, बरौनी, तेघड़ा और बछवाड़ा के साथ बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्से भी बाढ़ से प्रभावित हैं। दौरे के दौरान टीम ने बाढ़ से घिरे लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग: माले नेताओं ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री तेजी से पहुंचाने की जरूरत है। साथ ही राहत और बचाव कार्यों को बड़े स्तर पर संचालित करने की मांग की गई।
दौरा करने वाली टीम में भाकपा माले जिला सचिव दिवाकर प्रसाद, खेग्रामस जिला सचिव चन्द्रदेव वर्मा, माले नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव, ई-रिक्शा संघ ऐक्टू के सचिव कन्हैयालाल साह और संकल्प श्रीवास्तव शामिल रहे। माले नेताओं ने सरकार और प्रशासन से बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों के अनुसार राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील की।






Total views : 105554