बेगूसराय। 11 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने राहत और उपचार की व्यवस्था तेज कर दी है। प्रभावित लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगातार स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर लगाए जा रहे हैं। 10 सितंबर तक जिले के 8 प्रखंडों के 117 प्रभावित गांवों में 71 स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों और स्वास्थ्य टीमों के माध्यम से 29,854 लोगों की OPD जांच एवं उपचार किया गया है।
8 प्रखंडों में स्वास्थ्य सेवाएं जारी: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार भ्रमण कर लोगों की जांच और उपचार कर रही हैं। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी दी जा रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने के लिए जिले में 4 Boat Ambulance उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक स्वास्थ्य टीम में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), एएनएम सहित जरूरी स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। शिविरों में मरीजों की स्वास्थ्य जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
बलिया में 8,771 लोगों की जांच: बलिया प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें विशेष रूप से सक्रिय हैं। यहां 18 प्रभावित गांवों में 9 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 8,771 लोगों की OPD जांच एवं उपचार किया गया है। बलिया में प्रभावित लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए 3 Boat Ambulance की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रहा है। उपलब्ध प्रतिवेदन के अनुसार फिलहाल स्वास्थ्य शिविरों में भर्ती मरीजों या कमजोर नवजात शिशुओं को SNCU/NICU रेफर किए जाने का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
बुखार और डायरिया में तुरंत कराएं जांच: जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान बुखार, डायरिया, त्वचा संबंधी समस्या, सर्दी-खांसी या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर जांच और उपचार कराएं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेंगी और जरूरत के अनुसार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराती रहेंगी।







Total views : 105685