बेगूसराय। 7 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, बेगूसराय राम कृपाल यादव ने सोमवार को शाम्हो प्रखंड के सलहा सैदपुर बरारी पंचायत के वार्ड संख्या 03 एवं 04 में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।
मौके पर जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार सहित अंचल अधिकारी एवं पंचायत के मुखिया मौजूद रहे।
बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था के निर्देश: मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित मेन्यू के अनुसार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के लिए नियमित रूप से दूध की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बांध पर रह रहे परिवारों से की मुलाकात: मंत्री ने बांध पर शरण लिए बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।
मंत्री ने मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए जरूरत के अनुसार पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिले में 253 नावों का परिचालन: जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने मंत्री को बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन के लिए कुल 253 नावें लगातार संचालित की जा रही हैं। इनमें 230 सरकारी और 23 निजी नावें शामिल हैं। मटिहानी में 70, शाम्हो में 41, बलिया में 52 और बछवाड़ा में 45 नावें सक्रिय हैं।
165 सामुदायिक रसोई में 89,667 लोगों को भोजन:
बाढ़ प्रभावित लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 165 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से अब तक 89,667 व्यक्तियों को भोजन कराया जा चुका है। शाम्हो में 50, बलिया में 30 और मटिहानी में 25 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित हैं।
55 मेडिकल कैंप, 8,714 मरीजों का उपचार: प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 55 मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। शाम्हो के दियारा क्षेत्र के लिए एक विशेष बोट एम्बुलेंस भी तैनात की गई है। मेडिकल कैंपों में अब तक 8,714 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया है तथा आवश्यक निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पशुओं के लिए भी राहत की व्यवस्था: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 8 पशु चिकित्सा शिविर संचालित हैं। अब तक 1,999 प्रभावित एवं बीमार पशुओं का उपचार किया गया है। पशुपालकों के बीच 692.15 क्विंटल पौष्टिक पशुचारा वितरित किया जा चुका है।
बारिश और धूप से बचाव के लिए तटबंधों एवं ऊंचे स्थानों पर शरण लिए परिवारों के बीच अब तक 6,275 पॉलीथीन शीट्स वितरित की गई हैं। इनमें बलिया में 2,560, मटिहानी में 1,800, तेघड़ा में 1,640 और बेगूसराय में 275 पॉलीथीन शीट्स शामिल हैं।
मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत और सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ-साथ पशुओं के लिए पर्याप्त पशुचारा उपलब्ध कराने तथा मेडिकल कैंपों में चिकित्सकीय टीम और आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित करने को कहा।






Total views : 104685