बेगूसराय। 5 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के कार्यालय में सम्मान, कृतज्ञता और गुरुजनों के प्रति श्रद्धा का भाव देखने को मिला। इस अवसर पर संस्था के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ई. कौशलेंद्र कुमार ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक शिक्षक की दी हुई शिक्षा और संस्कार का प्रभाव विद्यार्थी के पूरे जीवन पर पड़ता है। इसलिए शिक्षकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखना चाहिए।
इस अवसर पर BGJAS परिवार के सदस्यों ने अपने-अपने गुरुजनों को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके योगदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने शिक्षक-शिष्य परंपरा और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. रीता कुमारी, परामर्शी अंबिका कुमारी, MEA रविन्द्र रंजन, आउटरीच वर्कर लक्ष्मी, ओंकार, अभिषेक, लक्ष्मण, रीता, प्रियंका समेत BGJAS के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Total views : 104288