बेगूसराय। 5 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के ब्रह्माकुमारीज प्रभु पसंद भवन, पिपरा रोड, जी.डी. कॉलेज के पश्चिमी परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वरीय स्मृति और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
30 शिक्षकों को किया गया सम्मानित: शिक्षक दिवस के अवसर पर बेगूसराय के करीब 30 सम्माननीय शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान और समाज में उनकी भूमिका को याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सेवाकेंद्र की संचालिका बीके कंचन दीदी ने अपने संबोधन में श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, पवित्रता, सत्यता, निःस्वार्थ कर्म और प्रसन्नता जैसे दिव्य गुणों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सच्ची शिक्षा मनुष्य के जीवन में श्रेष्ठ संस्कार और सकारात्मक बदलाव लाती है।
शिक्षकों ने साझा किए अपने विचार: सेंट जोसेफ स्कूल के डायरेक्टर अभिषेक कुमार ने कहा कि जीवन में जिसने भी हमें कुछ सिखाया है, वह हमारे लिए शिक्षक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज संस्था की सेवा भावना की भी सराहना की।विकास विद्यालय के प्राचार्य राजकिशोर ने कार्यक्रम के शांतिपूर्ण वातावरण और संस्था की सेवा भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में लोगों की मौजूदगी के बावजूद जिस तरह का शांत और प्रेमपूर्ण वातावरण रहा, वह विशेष अनुभव है। बेगूसराय मध्य विद्यालय के राजेश कुमार ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान की सराहना की। उन्होंने नशे को समाज के लिए गंभीर समस्या बताते हुए बच्चों से अपने परिवार को नशे से मुक्त कराने में सहयोग करने की अपील की।
कृष्ण की लीलाओं ने मोहा मन: कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, चरित्र और जीवन संदेशों पर आधारित झांकियां, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी लोगों के बीच मक्खन-मिश्री और फलों का प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद सभी ने महारास में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।






Total views : 104263