बेगूसराय। 4 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में बाढ़ की स्थिति के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बेगूसराय पहुंच सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बेगूसराय, खगड़िया और मुंगेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे।
छितनौर और खोरमपुर ढाला का करेंगे निरीक्षण: मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बरौनी रिफाइनरी स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद मटिहानी प्रखंड के छितनौर एवं खोरमपुर ढाला सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
बरौनी रिफाइनरी गेस्ट हाउस में होगी समीक्षा बैठक: प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे बरौनी रिफाइनरी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों को राहत-बचाव कार्यों और प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह के भी मौजूद रहने की संभावना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह के भी मौजूद रहने की संभावना है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर कार्रवाई की जा रही है।





Total views : 104002