बेगूसराय। 4 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के तेघड़ा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला शताब्दी महोत्सव-2026 का आयोजन 5 से 8 सितंबर तक किया जाएगा। गौशाला परिसर, तेघड़ा में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला शताब्दी महोत्सव आयोजन समिति, तेघड़ा तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
5 सितंबर को रासलीला और लोक गायिका की प्रस्तुति:
महोत्सव के पहले दिन 5 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे तक उद्घाटन सत्र होगा। इसके बाद 7 से 8 बजे तक स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। रात 8 से 9 बजे तक ई.जेड.सी.सी. कोलकाता की सौजन्य से सुदीपा घोष एवं टीम द्वारा रासलीला प्रस्तुत की जाएगी। रात 9 से 10 बजे तक लोक गायिका अपूर्वा प्रियदर्शी की प्रस्तुति होगी।
6 सितंबर को ‘साधो द बैंड’ की प्रस्तुति: 6 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी। इसके बाद शाम 7 से रात 10 बजे तक दिल्ली के ‘साधो द बैंड’ द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।
7 सितंबर को लोक गायिका ज्योति माही करेंगी प्रस्तुति:
7 सितंबर को भी शाम 6 से 7 बजे तक स्थानीय कलाकार कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। रात 7 से 10 बजे तक लोक गायिका ज्योति माही की प्रस्तुति होगी।
8 सितंबर को राजस्थान का खाटू सेपेरा कालबेलिया नृत्य:
महोत्सव के अंतिम दिन 8 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी। इसके बाद रात 7 से 10 बजे तक जैसलमेर, राजस्थान की खाटू सेपेरा कालबेलिया नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। रात 10 से 10:30 बजे तक समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला शताब्दी महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ लोक कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को मंच प्रदान किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।





Total views : 104002