बेगूसराय। 4 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री बिहार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। इसके बाद जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने वरीय अधिकारियों और सभी अंचल अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।
21,700 की आबादी बाढ़ से प्रभावित: वर्तमान स्थिति के अनुसार जिले के 5 अंचलों की 20 पंचायतों के 24 गांव और 45 वार्ड प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में करीब 21,700 की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।

87 नावों का किया जा रहा परिचालन: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षित आवाजाही और राहत-बचाव कार्यों के लिए कुल 87 नावों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें 11 सरकारी और 76 निजी नाव शामिल हैं। आवश्यकता के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई भी की जा रही है।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में नावों का सुचारु परिचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी क्षेत्र में अतिरिक्त नाव की जरूरत होने पर तत्काल जिला स्तर पर सूचना देने को कहा गया है।
सामुदायिक रसोई और राहत व्यवस्था की समीक्षा: बैठक में राहत सामग्री की उपलब्धता और सामुदायिक रसोई के संचालन की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रभावित लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। राहत सामग्री या अन्य संसाधनों की कमी होने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में रहने का निर्देश: जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया। तटबंधों, जलस्तर, आवागमन के मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित लोगों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अफवाहों से बचने की अपील: जिला प्रशासन ने आम लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।
लोगों को अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में प्रवेश नहीं करने और तेज बहाव वाले पानी में पैदल या वाहन से जाने से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को बाढ़ के पानी से दूर रखने तथा नाव से यात्रा के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।






Total views : 103992