बेगूसराय। 3 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में “संत रविदास समरसता संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के 28 महादलित टोलों में शिविर आयोजित किए गए।
शिविर में स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली गई। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार और पेंशन सहित कई योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए। उनके मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने शिविरों की निगरानी के लिए प्रत्येक शिविर में एक वरीय पदाधिकारी की नियुक्ति की है। वरीय पदाधिकारी शिविर की व्यवस्था और विभागों के बीच समन्वय की निगरानी कर रहे हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य वंचित और कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाना है। इसके साथ ही पात्र लोगों को उनके अधिकार और सरकारी सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों में प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का नियमानुसार जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।





Total views : 103828