बेगूसराय | 1 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुचारू एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने 31 जुलाई को सिमरिया धाम से बाबा हरिगिरि धाम, गढ़पुरा तक कांवड़िया पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़िया श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से मार्ग की स्थिति, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, कार्यपालक अभियंता एवं नगर परिषद के अधिकारियों को कांवड़िया पथ पर नियमित साफ-सफाई, जलजमाव रोकने, मार्ग से अवरोध हटाने तथा श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 30 जुलाई 2026 को बाबा हरिगिरि धाम में श्रावणी मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया था। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा स्वयं विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।







Total views : 97462