नई दिल्ली | 31 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महानदी जल विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की।
बैठक में जलशक्ति मंत्रालय, केंद्रीय जल आयोग (CWC) तथा दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में महानदी जल विवाद के समाधान के लिए चल रही तकनीकी वार्ताओं और संयुक्त तकनीकी समिति की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, केंद्रीय जल आयोग के अध्यक्ष की अध्यक्षता में गठित विस्तारित तकनीकी समिति की पहली बैठक 29 जुलाई 2026 को होने की जानकारी साझा की गई।
केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि महानदी दोनों राज्यों के लाखों लोगों की जीवनरेखा है और आपसी संवाद, तकनीकी सहयोग तथा सहकारी संघवाद के माध्यम से ही निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराज्यीय जल विवादों के समाधान की दिशा में हुए प्रयासों की भी सराहना की।
दोनों मुख्यमंत्रियों ने तकनीकी स्तर पर जारी बातचीत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा जलशक्ति मंत्रालय और केंद्रीय जल आयोग के सहयोग की सराहना की। बैठक के अंत में श्री पाटिल ने विश्वास जताया कि निरंतर संवाद और आपसी सहमति से महानदी जल विवाद का स्थायी एवं सर्वमान्य समाधान निकलेगा।







Total views : 97324